हमारी चौपाल
देहरादून, 14 जुलाई।
जनपद देहरादून में अनुसूचित जाति वर्ग के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PMAJAY) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹124.94 लाख की जिला कार्ययोजना को जिलाधिकारी ने मंजूरी प्रदान कर दी है। अंतिम स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है।
योजना के तहत जिले के 465 अनुसूचित जाति युवाओं को लाभान्वित किया जाएगा। इनमें 175 बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ₹87.55 लाख का अनुदान (सब्सिडी) दिया जाएगा, जबकि 290 शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगारपरक एवं कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण अधिकृत संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि शासन से स्वीकृति मिलते ही लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए, ताकि योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र युवाओं तक पहुंच सके।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि कार्ययोजना को अंतिम स्वीकृति के लिए शासन एवं भारत सरकार को भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलते ही लाभार्थियों के चयन, प्रशिक्षण और स्वरोजगार के लिए अनुदान वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी
योजना की मुख्य बातें
कुल कार्ययोजना: ₹124.94 लाख
कुल लाभार्थी: 465 युवा
175 युवाओं को स्वरोजगार हेतु आर्थिक सहायता
290 युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण
उद्देश्य: अनुसूचित जाति युवाओं को आत्मनिर्भर एवं रोजगारोन्मुख बनाना।
