हरिद्वार, 1 अगस्त।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि युवाओं के आत्मविश्वास से स्पष्ट है कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। मुख्यमंत्री ने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय को भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और संस्कारों का केंद्र बताते हुए कहा कि यहां विद्यार्थियों का चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित की जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और आज का युवा नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला “जॉब क्रिएटर” बन रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं को युवाओं के लिए नए अवसरों का आधार बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, कौशल विकास, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालय, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, सौर स्वरोजगार योजना, नई पर्यटन नीति और नई फिल्म नीति के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज हुआ है और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। साथ ही नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया और 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
उन्होंने युवाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा तथा कैंप आयोजित कर युवाओं की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम में युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, कुलपति प्रो. प्रतिभा लूथरा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं युवा उपस्थित रहे।
युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत, गुरुकुल कांगड़ी से सीएम धामी का युवाओं को संदेश
स्टार्टअप, स्वरोजगार और पारदर्शी भर्ती पर जोर; बैंक ऋण प्रक्रिया सरल बनाने और युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए कैंप लगाने की घोषणा
5
