देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सहारनपुर चौक, देहरादून में आयोजित टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में प्रतिभाग किया। उन्होंने टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज और टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने भगवान टपकेश्वर महादेव से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने शोभायात्रा के आयोजन से जुड़े संत-महात्माओं, आयोजन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान टपकेश्वर महादेव की कृपा समस्त प्रदेशवासियों पर बनी रहे और उत्तराखंड निरंतर प्रगति एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान टपकेश्वर महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
