Hamarichoupal.26.08.2026
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन एवं आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता संस्था की ओर से तैयार मुख्यमंत्री के पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने एल्बम से जुड़े निर्माता-निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायक और कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गीत-संगीत के माध्यम से उत्तराखंड की विकास यात्रा और राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, पर्यटन को प्रोत्साहित करने, महिलाओं को सशक्त बनाने तथा युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देवभूमि की विशिष्ट पहचान को संरक्षित रखते हुए विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
कार्यक्रम में आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हुए विकास कार्यों और जनहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने एल्बम के निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायक विक्रम भंडारी एवं शिवानी नेगी तथा संगीतकार विजयपाल कलूड़ा समेत एल्बम से जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आशा कोठारी ने की, जबकि संचालन संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा पछवादून के जिलाध्यक्ष विनायक नौटियाल, प्रदीप दुग्गल, विजय असवाल, शोभित उनियाल, गिरीश भट्ट, लक्ष्मी नारायण नवानी, आदित्य नौटियाल, सहदेव सिंह बिष्ट, सपना जवाड़ी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
