देहरादून, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोक भवन में आयोजित स्वल्पाहार कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित प्रदेश के अनेक गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने लोक भवन उत्तराखण्ड की अर्द्धवार्षिक पत्रिका ‘देवभूमि संवाद’ का विमोचन किया। लोक भवन सूचना परिसर द्वारा प्रकाशित इस पत्रिका में राज्यपाल के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और गतिविधियों को संकलित किया गया है।
इस अवसर पर लेखक डॉ. शालिनी बहुगुणा, प्रो. (डॉ.) अरुण कुमार एवं सुश्री रिया कैंतुरा द्वारा तैयार पुस्तक ‘द गवर्नरः फ्रॉम कांस्टीट्यूशनल गार्जियन टू डेवलपमेंट इनेबलर’ का भी विमोचन किया गया। पुस्तक में राज्यपाल पद की संवैधानिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ विकास और लोकसेवा में उसकी बहुआयामी भूमिका को रेखांकित किया गया है। राज्यपाल के विधि सलाहकार कौशल किशोर शुक्ला के महत्वपूर्ण सुझावों को भी पुस्तक में स्थान दिया गया है।
चिकित्सा और सैन्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के इस विशेष अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं सैन्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पांच विशिष्ट अधिकारियों एवं चिकित्सकों को सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में कार्डियोलॉजी मैक्स हॉस्पिटल देहरादून के निदेशक डॉ. योगेन्द्र सिंह, आर्मी रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल दिल्ली के सीनियर एडवाइजर कर्नल विकास मारवाह, उत्तराखण्ड सब एरिया के कर्नल आदित्य श्रीवास्तव, बद्री दत्त पांडे राजकीय जिला अस्पताल नैनीताल के कंसल्टेंट कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुधांशु सिंह तथा मिलिट्री अस्पताल देहरादून के कमाण्डेंट ब्रिगेडियर प्रफुल्ल मोहन शामिल रहे।
इसके साथ ही असम रेजिमेंट केंद्र एवं मुख्यालय उत्तराखण्ड सब एरिया को सराहनीय सेवाओं के लिए राज्यपाल प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सांसद, विधायक, अन्य गणमान्य नागरिक तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
लोक भवन में स्वतंत्रता दिवस पर स्वल्पाहार कार्यक्रम, ‘देवभूमि संवाद’ का विमोचन
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं सैन्य सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए पांच विशिष्ट अधिकारियों व चिकित्सकों को किया सम्मानित
4
