देहरादून, 28 जुलाई 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ताज़ा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 27 जुलाई 2026 सायं 7:06 बजे से 28 जुलाई 2026 प्रातः 10:06 बजे तक उत्तराखंड के चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उधम सिंह नगर एवं उत्तरकाशी जनपदों के विभिन्न क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वानुमान के अनुसार इन जिलों में कई स्थानों पर बिजली चमकने, तेज़ आंधी-तूफान तथा भारी से बहुत भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है। कुछ क्षेत्रों में बहुत तेज़ से अत्यधिक तेज़ बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है।
प्रभावित क्षेत्रों में पुरोला, बड़कोट, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, सोनप्रयाग, थराली, नंदा देवी पर्वत क्षेत्र, मुनस्यारी, बेरीनाग, गंगोलीहाट, डीडीहाट, जसपुर, रुद्रपुर, खटीमा तथा इनके आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों एवं यात्रियों से अपील की है कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
