हमारी चौपाल
देहरादून, 16 जुलाई। मनोरमा डोबरियाल शर्मा मेमोरियल फाउंडेशन एवं काफल चैप्टर ऑफ गढ़वाल के संयुक्त तत्वावधान में श्री पंचायती मंदिर, गांधी रोड में हरेला महोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर पद्मश्री कन्हैया लाल पौखरियाल, कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और प्रदेश कांग्रेस महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित शशि बल्लभ शास्त्री द्वारा पूजा-अर्चना से हुआ। डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की लोक संस्कृति और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक पर्व है। उन्होंने सभी से कम से कम दो पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
पद्मश्री कन्हैया लाल पौखरियाल ने कहा कि हरेला पर्व बेटियों के मायके से जुड़ी खुशहाली और हरियाली की परंपरा का प्रतीक है, जो शिव-पार्वती की लोक आस्था से भी जुड़ा हुआ है। प्रदेश कांग्रेस महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने इसे उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और मां नंदा देवी की परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व बताया।
फाउंडेशन की अध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने सभी को हरेला की शुभकामनाएं देते हुए प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के अंत में झंगोरे की खीर और मंडुवे की पकौड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
