हमारी चौपाल
देहरादून, 4 अगस्त। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के लिए दून पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत पिछले दो दिनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे 15 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों की प्रभावी तामील के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस टीमों ने लगातार अभियान चलाकर फरार वारंटियों की तलाश की और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की।
गिरफ्तार वारंटियों में देहरादून शहर, नेहरू कॉलोनी, पटेलनगर, विकासनगर तथा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी आरोपी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों की तामील और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
