देहरादून। सेलाकुई थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक टैक्सी कार से चंडीगढ़ मार्का अंग्रेजी शराब की 11 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल टोयोटा इटियोस कार को सीज कर दिया है। बरामद शराब की कीमत करीब 1.32 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सेलाकुई क्षेत्र में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 18 सितंबर की शाम सारना के पास पुलिस टीम नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सहसपुर की ओर से एक सफेद रंग की टैक्सी कार आ रही है, जिसमें अवैध शराब ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कार संख्या PB01C-0837 (टोयोटा इटियोस) को रोककर तलाशी ली। कार की डिग्गी में 11 गत्ते की पेटियां मिलीं। पेटियों को खोलने पर अलग-अलग ब्रांड की कुल 126 बोतल अंग्रेजी शराब, चंडीगढ़ मार्का, बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से कार चालक अनिल सिंह (44) पुत्र स्वर्गीय दिनेश सिंह, निवासी आदर्शनगर, नया गांव, एसएएस नगर, मोहाली, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना सेलाकुई में मु0अ0सं0 142/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
शादी समारोह में सप्लाई के लिए ले जा रहा था शराब
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मोहाली पंजाब में रहता है और टैक्सी चलाता है। उसके अनुसार, शराब चंडीगढ़ से लाई गई थी और इसे शादी समारोह में सप्लाई करने के लिए पौड़ी गढ़वाल ले जाया जा रहा था। पुलिस अब शराब की तस्करी के नेटवर्क और इसके संभावित खरीदारों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
चंडीगढ़ से पौड़ी जा रही कार से 126 बोतल शराब बरामद, चालक गिरफ्तार
सेलाकुई में पुलिस की कार्रवाई, तस्करी में इस्तेमाल टोयोटा कार सीज
0
