उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी जनपद के पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित बर्नीगाड़ में लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ करते हुए क्षेत्र को शिक्षा, सड़क, सिंचाई और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। कुल विकास कार्यों में 30 का शिलान्यास और 8 का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण शीघ्र शुरू कराने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने तथा डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की बात कही।
194 करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 194 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 30 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के पुरोला खंड के अंतर्गत लगभग 176.87 करोड़ रुपये की लागत के 18 कार्य प्रमुख हैं। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग पुरोला के पांच कार्यों पर 6 करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के चार कार्यों पर 6.61 करोड़ रुपये तथा सिंचाई खंड पुरोला के तीन कार्यों पर 5.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
वहीं, 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के आठ विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीन कार्यों पर 18.76 करोड़ रुपये, माध्यमिक शिक्षा के एक कार्य पर 1.36 करोड़ रुपये, समग्र शिक्षा के तीन कार्यों पर 1.25 करोड़ रुपये तथा लोक निर्माण विभाग बड़कोट के एक कार्य पर 97 लाख रुपये की लागत शामिल है। इन योजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
जनसेवा शिविर में लाभार्थियों को बांटे चेक और उपकरण
मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए और अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से सरकार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी : धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं रोजगार की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के शुभारंभ से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और स्थायी भवन निर्माण की दिशा में जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य में 3 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं, पिछले पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।
चारधाम यात्रा, समान नागरिक संहिता और अतिक्रमण पर भी रखी बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना है। प्रदेश में सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। साथ ही, अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में सड़क संपर्क, पर्यटन, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास योजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ और विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात क्षेत्र के विकास को नई गति देगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, पूर्व विधायक मालचंद सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
बर्नीगाड़ को 217 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ
मुख्यमंत्री धामी ने 38 विकास कार्यों का किया शिलान्यास एवं लोकार्पण, बड़कोट और चिन्यालीसौड़ के महाविद्यालयों को उच्चीकृत करने की घोषणा
0
