HamariChoupal,06,07,2025
नई टिहरी। भदनी ग्राम पंचायत में वर्ष 2008 से निर्विरोध ग्राम प्रधान चुनने की परम्परा इस बार भी बनी रही। इस बार मुकेश सिंह यहां से निर्विरोध प्रधान चुने गए। देवप्रयाग से सटी पट्टी पालकोट के भदनी गांव में ग्रामीणों ने आपसी सौहार्द व समुचित विकास के लिए वर्ष 2008 में निर्विरोध प्रधान चुने जाने की शुरुआत की थी। जिसमें रुमाली देवी को पहली बार सर्व सम्मति से ग्राम प्रधान चुना गया। जबकि 2014 में दरबान सिंह को निर्विरोध ग्राम प्रधान चुना गया। 2019 में प्रधान पद महिला आरक्षित होने पर कामना बेडवाल को सभी का एक मुश्त समर्थन होने पर निर्विरोध चुना गया। कामना बेडवाल ने बन्जर होती खेती को देखते हुये पट्टी पालकोट का सबसे बड़ा हौज निर्माण गांव में करवाया। साथ ही मिनी पंपिंग योजना व तीन नई पेयजल लाइन बिछाने का भी गांव में काम किया। इस बार सामान्य सीट होने पर ग्रामीणों ने मुकेश सिंह को एक मत से प्रधान बनाया। मुकेश सिंह निवर्तमान प्रधान कामना बेडवाल के पति भी हैं। इस तरह पति-पत्नी यहां से निर्विरोध प्रधान बनने में सफल रहे है। मुकेश सिंह के अनुसार वह भदनी गांव में पेयजल संकट को दूर करने के लिए दालभीपाणी पंपिंग योजना को आगे बढ़ाएंगे। वहीं देवप्रयाग तीर्थ के प्रमुख पर्वत दशरथांचल को पर्यटक स्थल घोषित करवाने का प्रयास करेंगे।