देहरादून। उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और कला जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली दो महान विभूतियों को राज्योत्सव समारोह में सम्मानित किया गया। परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और सुप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया।
उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित दोनों कलाकारों को उत्तराखण्डी सिनेमा, संगीत और कला जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप दोनों को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
वर्ष 2024 का लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को दिया गया। उन्होंने अपने लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और जनभावनाओं को आवाज दी है। उनके गीतों ने न केवल पहाड़ की लोकसंस्कृति को नई पहचान दी, बल्कि उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडे लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित
अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्योत्सव समारोह में किया सम्मानित, दोनों कलाकारों को मिले दो-दो लाख रुपये
5
