खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में 14.97 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक मोटर मार्ग चौड़ीकरण परियोजना का भूमि पूजन किया। सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही लंबे समय से बनी जाम की समस्या से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मार्ग के चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि खटीमा के विकास से उनका भावनात्मक जुड़ाव है। यहां की जनता का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण के साथ क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से क्षेत्र की तस्वीर बदलने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए चीनी मिल का संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों का विकास कर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
इससे पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से पैदल कार्यक्रम स्थल पहुंचे। रास्ते में स्थानीय लोगों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
खटीमा में 14.97 करोड़ से चौड़ी होगी सड़क, जाम से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण कार्य का किया भूमि पूजन, बोले- क्षेत्र का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता
1
