देहरादून, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पुलिस लाइन देहरादून में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर एकता दिवस परेड का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से पुलिस बल को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
इस अवसर पर डीजीपी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से सरदार पटेल के आदर्शों पर चलते हुए देश की एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र हेतु नामित 48 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक ने पुलिस डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को पुलिस विभाग के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन में गूंजा एकता और अखंडता का संदेश
डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ, उत्कृष्ट सेवा के लिए 48 पुलिसकर्मी सम्मानित
7
