विकासनगर(आरएनएस)। पछुवादून से लेकर चकराता तक गुरुवार को हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने से ठंड बढ़ गई। सुबह से देर शाम तक बारिश होने से जनजीवन प्रभावित रहा। वहीं, करवाचौथ की खरीदारी और पूजा के लिए घरों से निकली महिलाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही कम रहने से दुकानदार भी निराश नजर आए। विकासनगर और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार तड़के शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही। आसमान में बादल छाए रहने और लगातार बारिश के चलते दिनभर ठंडक बनी रही। अब तक सुबह-शाम हल्के गर्म कपड़े पहनने वाले लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। करवाचौथ की खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने वाली महिलाओं को भी बारिश के कारण परेशानी हुई। बाजारों में भीड़ कम रहने से दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित रही। विकासनगर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चकराता में बारिश से बढ़ी ठंड
चकराता। चकराता में बुधवार को दिनभर चटक धूप खिलने के बाद गुरुवार सुबह मौसम अचानक बदल गया। सुबह पांच बजे आसमान में बादल छा गए और साढ़े पांच बजे से झमाझम बारिश शुरू हो गई। लगातार बारिश से क्षेत्र में ठंड बढ़ गई और तापमान गिरकर अधिकतम 15 डिग्री तथा न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। ठंड बढ़ने के बाद सुबह से ही लोग गर्म कपड़े, टोपी और जैकेट पहने नजर आए। बारिश ने करवाचौथ की रौनक भी फीकी कर दी। पूजा और कथा सुनने के लिए मंदिर जा रही महिलाओं को छाते लेकर बारिश के बीच पहुंचना पड़ा। कई महिलाएं वाहनों से मंदिर पहुंचीं। वहीं, बारिश के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। करवाचौथ का सामान बेचने वाले दुकानदार ग्राहकों के इंतजार में बैठे रहे।
बारिश से सात डिग्री तक लुढ़का पारा, बढ़ी ठंड
3
