जसपुर। जसपुर क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। राज्य सरकार के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने अमृत-यू 2.0 के तहत जसपुर क्षेत्र में सीवरेज एवं प्रयुक्त जल प्रबंधन से जुड़ी तीन परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। इन परियोजनाओं की कुल लागत ₹11.14 करोड़ है, जिसमें ₹10.026 करोड़ की केंद्रीय सहायता शामिल है।
जसपुर क्षेत्र के लिए इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिलने के पीछे राज्य सरकार की ओर से किए गए प्रयासों को अहम माना जा रहा है। कैबिनेट मंत्री स्तर पर विनय रुहेला द्वारा जसपुर की सीवरेज समस्या को प्राथमिकता के साथ उठाने और परियोजना को आगे बढ़ाने के प्रयासों का यह महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है। लंबे समय से जसपुर में सीवरेज व्यवस्था को बेहतर किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही थी।
परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद जसपुर की जनता में भी खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधा शहर की लंबे समय से जरूरत रही है। ऐसे में करोड़ों रुपये की परियोजना को मंजूरी मिलना जसपुर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री एवं विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अमृत-यू 2.0 के यूज्ड वाटर मैनेजमेंट घटक के अंतर्गत जसपुर क्षेत्र की परियोजनाओं को मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री धामी ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की स्वीकृति से जसपुर सहित प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी। सीवरेज एवं प्रयुक्त जल प्रबंधन जैसी आधारभूत सुविधाओं के मजबूत होने से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा।
जनता की जरूरत को विकास के एजेंडे से जोड़ा
जसपुर के संदर्भ में विनय रुहेला की भूमिका को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि सीवरेज जैसी बुनियादी समस्या को विकास के एजेंडे में प्रमुखता से शामिल कर परियोजना को मंजूरी तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए गए। स्थानीय जरूरतों को शासन के स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और जसपुर के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहने की उनकी कार्यशैली को इस उपलब्धि से जोड़कर देखा जा रहा है।
अब परियोजना के क्रियान्वयन से जसपुर में सीवरेज प्रबंधन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को भी लाभ मिलने की संभावना है।
जसपुर की जनता ने जताया आभार
सीवरेज परियोजना की मंजूरी पर जसपुर की जनता की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और विशेष रूप से विनय रुहेला के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह परियोजना जसपुर के लिए केवल सीवरेज व्यवस्था का विस्तार नहीं, बल्कि शहर के सुनियोजित और आधुनिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विनय रुहेला के प्रयासों से जसपुर में सीवरेज परियोजना को मिली बड़ी सौगात
₹11.14 करोड़ की परियोजनाओं को केंद्र की मंजूरी, जसपुर की जनता को जल्द मिलेगी बेहतर सीवरेज व्यवस्था
4
