अनुराग गुप्ता
देहरादून। अपराध और सड़क नियमों के उल्लंघन पर शिकंजा कसने के लिए दून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत शनिवार रात नगर क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 90 से अधिक वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। इनमें मोडिफाइड साइलेंसर, रेस ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट, काली फिल्म और दोषपूर्ण नंबर प्लेट समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन शामिल रहे।

19 सितंबर की रात चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर वाहनों को रोककर उनकी गहनता से जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले 32 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें नौ दोपहिया वाहनों में मोडिफाइड साइलेंसर पाए गए। पुलिस ने मौके पर ही इन वाहनों को सीज करते हुए मोडिफाइड साइलेंसर उतरवाए।
इसके अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में सात अन्य वाहनों को सीज किया गया। अभियान के दौरान कुल 16 दोपहिया एवं अन्य वाहन सीज किए गए। वहीं 57 वाहनों के चालान न्यायालय भेजे गए, जबकि 32 वाहनों के नगद चालान कर 23,500 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
संदिग्धों से भी हुई पूछताछ
वाहन चेकिंग के साथ ही पुलिस टीमों ने रात के समय संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे लोगों पर भी नजर रखी। अभियान के दौरान 100 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ की गई। इनमें से 12 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 3,500 रुपये का चालान किया गया।
पुलिस के अनुसार ऑपरेशन प्रहार के तहत धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार चेकिंग और निगरानी की जा रही है। अभियान का उद्देश्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और रात के समय संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
