नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में My Home India द्वारा आयोजित ‘NeST Fest-2026’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों से आए छात्र-छात्राओं और युवाओं का देवभूमि उत्तराखंड की ओर से स्वागत करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर के युवाओं के लिए उत्तराखंड उनका अपना घर है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस के अवसर पर देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
सीएम धामी ने कहा कि बड़ी संख्या में उपस्थित युवा ऊर्जा के बीच उन्हें भारत का उज्ज्वल भविष्य दिखाई दे रहा है। युवा केवल विद्यार्थी नहीं, बल्कि देश की ऐसी शक्ति हैं, जिनमें बड़े सपनों को साकार करने का सामर्थ्य है। उन्होंने कहा कि ‘NeST Fest’ पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देश की एकता-अखंडता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर और उत्तराखंड के पहाड़ी परिवेश, रहन-सहन तथा भौगोलिक परिस्थितियों में कई समानताएं हैं। ऐसे आयोजन दोनों क्षेत्रों के बीच आत्मीयता बढ़ाने के साथ राष्ट्रीय एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं। My Home India द्वारा पूर्वोत्तर के युवाओं को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने का प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूती प्रदान कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने पूर्वोत्तर को भारतीय संस्कृति के चमकते मुकुट की संज्ञा देते हुए कहा कि देश की विविधता और सुंदरता पूर्वोत्तर के बिना अधूरी है। सामरिक दृष्टि से भी यह क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण है और देश की सुरक्षा में सशक्त प्रहरी की भूमिका निभाता है। उन्होंने मैरी कॉम, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन, बाइचुंग भूटिया और भारत रत्न स्व. भूपेन हजारिका जैसी महान प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर ने देश को अनेक गौरवशाली प्रतिभाएं दी हैं।
सीएम धामी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद पूर्वोत्तर में सड़क, पुल, सुरंग, जलमार्ग, गैस ग्रिड, मोबाइल कनेक्टिविटी और ऑप्टिकल फाइबर सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। ‘लुक ईस्ट’ से ‘एक्ट ईस्ट’ और ‘फास्ट ईस्ट’ की दिशा में उठाए गए कदमों से क्षेत्र में विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि इन विकास प्रयासों के केंद्र में पूर्वोत्तर का युवा है। डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। शिक्षा, कौशल और खेल के क्षेत्र में भी पूर्वोत्तर में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर उतरी हैं।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 में उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें देशभर के 10 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। उत्तराखंड से राष्ट्रीय खेलों की मशाल पूर्वोत्तर भेजी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि पूर्वोत्तर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेल खिलाड़ियों और युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएंगे।
पूर्वोत्तर से उत्तराखंड में शिक्षा प्राप्त करने आए छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “देवभूमि उत्तराखंड आपका अपना घर है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश में रह रहे पूर्वोत्तर के युवाओं की सुरक्षा, सम्मान और प्रगति राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे खूब पढ़ें, खूब खेलें, बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करें। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
नई दिल्ली : युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी परिवर्तनकारी शक्ति : सीएम धामी
4
