देहरादून। प्रदेश में बिना मान्यता संचालित हो रहे मदरसों के खिलाफ धामी सरकार की कार्रवाई तेज हो गई है। देहरादून और हल्द्वानी में नियमों का अनुपालन नहीं करने वाले मदरसों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सीलिंग की कार्रवाई की। वहीं कुछ मदरसा प्रबंधकों ने स्वयं संचालन बंद करने की लिखित अंडरटेकिंग दी है।
अल्पसंख्यक मामलों के सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते के अनुसार, देहरादून की आजाद कॉलोनी स्थित मदरसा जामिया-तुस-सलाम अल-इस्लामिया को सील किया गया है। इसके अलावा आजाद कॉलोनी, माजरा स्थित मदरसा दार-ए-अरकम तथा मदरसा दारूल उलूम रहीमिया के प्रबंधकों ने संचालन बंद करने की लिखित सूचना दी है।
सरकार के अनुसार प्रदेश में अब तक 17 बिना मान्यता संचालित मदरसों को सील किया जा चुका है, जबकि तीन मदरसों के प्रबंधकों ने संचालन बंद करने की लिखित जानकारी दी है। इस तरह कुल 20 मदरसों का संचालन बंद कराया जा चुका है।
हल्द्वानी में भी दो मदरसों पर कार्रवाई
नैनीताल जिले के हल्द्वानी में भी प्रशासन ने बिना मान्यता संचालित मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की। शनि बाजार रोड, गौजाजाली उत्तर स्थित मदरसा जामिया नूरिया बरकाते आमिना तथा इंदिरा नगर, बनभूलपुरा स्थित एक अन्य बिना मान्यता संचालित मदरसे को सील किया गया।
हल्द्वानी नगर मजिस्ट्रेट ए.बी. वाजपेयी ने बताया कि संबंधित प्रबंधकों से मान्यता से जुड़े आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया था। निर्धारित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई।
मान्यता के बिना नहीं चलेगा कोई शिक्षण संस्थान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में किसी भी शिक्षण संस्थान को निर्धारित नियमों और मान्यता के बिना संचालित नहीं होने दिया जाएगा। सरकार का जोर अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ निर्धारित शैक्षणिक मानकों का पालन सुनिश्चित कराने पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
मदरसों पर धामी सरकार की नजर टेढ़ी, 20 का संचालन बंद
देहरादून में एक मदरसा सील, दो ने संचालन बंद करने की दी लिखित अंडरटेकिंग; हल्द्वानी में भी दो मदरसों पर सीलिंग
10
