देहरादून। शहर में अवैध निर्माणों और आवासीय क्षेत्रों में नियमों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को प्राधिकरण की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर छह स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की। हरभजवाला, मेहुवाला माफी, चंद्रमणी रोड और राजपुर रोड में की गई इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।
एमडीडीए की टीम ने हरभजवाला में अशरफ अली की ओर से बिना स्वीकृति बनाई जा रही छह दुकानों को सील किया। वहीं, शिमला बाईपास रोड स्थित मेहुवाला माफी क्षेत्र में शाहिद राव के दो अलग-अलग निर्माणों और फईयाज राव के एक अन्य निर्माण पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इसके अलावा चंद्रमणी रोड पर पूजा विहार के निकट ललित कश्यप के बिना स्वीकृत मानचित्र वाले निर्माण तथा राजपुर रोड पर साई मंदिर के निकट अमित गर्ग के निर्माण को भी सील कर दिया गया।
बिना अनुमति निर्माण पर प्राधिकरण सख्त
प्राधिकरण के अनुसार, भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराना और निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। आवासीय क्षेत्रों में बिना अनुमति व्यावसायिक भवन बनाने तथा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एमडीडीए का कहना है कि ऐसे निर्माणों से भूमि उपयोग और शहर के सुनियोजित विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
यह कार्रवाई उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। मौके पर सहायक अभियंताओं, अवर अभियंताओं, सुपरवाइजरों और पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने कार्रवाई पूरी की।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। प्रत्येक निर्माणकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह भवन निर्माण से पहले आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करे और नियमों का पालन करे। बिना अनुमति निर्माण तथा आवासीय क्षेत्रों में नियमों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण संबंधी नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
वहीं, प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है। निर्माणकर्ताओं को मानचित्र स्वीकृत कराने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की सलाह दी जा रही है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सीलिंग सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से शहर के व्यवस्थित विकास में सहयोग करने की अपील की।
देहरादून में अवैध निर्माणों पर एमडीडीए का बड़ा प्रहार, छह स्थानों पर सीलिंग
हरभजवाला से राजपुर रोड तक चला अभियान, बिना मानचित्र निर्माण और आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर सख्ती, अवैध निर्माणकर्ताओं को नियमों का पालन करने की चेतावनी
8
