3
रेनू शर्मा
- देहरादून। ग्राम सभा हरिपुर कला में बुधवार को ग्राम प्रधान सविता
शर्मा की ओर से आयोजित खुली बैठक में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब ग्राम पंचायत के उपप्रधान एवं सदस्यों ने पीठ बाजार तथा पंचायत को प्राप्त करीब 38 लाख रुपये की राशि के उपयोग का हिसाब मांग दिया। माहौल बिगड़ता देख बैठक को तत्काल भंग करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान की ओर से ग्राम पंचायत के सभी सदस्यों एवं ग्रामीणों को बैठक में आमंत्रित किया गया था। बैठक में उपप्रधान मनोज शर्मा एवं ग्राम पंचायत सदस्यों ने वर्तमान में फ्लाईओवर के नीचे संचालित हो रहे पीठ बाजार के संबंध में आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत करने की मांग उठाई।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने एयरटेल कंपनी द्वारा ग्राम पंचायत क्षेत्र की सड़कों में पाइपलाइन डालने के लिए की गई खुदाई के बाद पंचायत को मिली करीब 38 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति राशि के उपयोग का भी हिसाब मांगा। आरोप है कि यह राशि सड़कों की मरम्मत और पाइपलाइन की खुदाई से हुए गड्ढों को ठीक करने के लिए दी गई थी।
बैठक में पंचायत के एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों, खर्च की गई धनराशि और संबंधित अभिलेखों का विवरण भी मांगा गया। इसी दौरान प्रधान पति एवं उनके सहयोगियों की ओर से हंगामा किए जाने का आरोप लगाया गया, जिससे बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मामला बढ़ता देख बैठक को तत्काल भंग कर दिया गया। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर करीब 38 लाख रुपये की राशि का कितना और कहां-कहां उपयोग हुआ? क्या सड़कों की मरम्मत के लिए मिली पूरी राशि निर्धारित कार्यों पर खर्च हुई? पंचायत के एक वर्ष के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का आय-व्यय विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया?
ग्रामीणों और पंचायत सदस्यों ने पूरे मामले में पारदर्शिता के साथ आय-व्यय का ब्यौरा सार्वजनिक किए जाने की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों पर ग्राम प्रधान पक्ष का विस्तृत पक्ष सामने नहीं आया है।
