सेलाकुई, देहरादून। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने रक्षाबंधन के अवसर पर सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के सेलाकुई में सफाई कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के साथ पर्व मनाकर सेवा, सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने नगर पंचायत सेलाकुई की पार्षद किरण पंवार के साथ क्षेत्र में कार्यरत सफाई कर्मचारी भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ, सुरक्षित एवं खुशहाल जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी वे निरंतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं।
इसके बाद नेहा शर्मा ने सेलाकुई थाने पहुंचकर वहां तैनात पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। उन्होंने पुलिसकर्मियों की सेवाओं की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




नेहा शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक एकता का प्रतीक है। समाज की सेवा और सुरक्षा में जुटे सफाई कर्मचारी तथा पुलिसकर्मी वास्तव में कर्मयोगी हैं और उनके साथ रक्षाबंधन मनाना गर्व एवं आत्मीयता का विषय है।
उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, सहभागिता और सेवा की भावना के साथ कार्य कर रहा है। रक्षाबंधन का पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और एकजुटता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों एवं पुलिसकर्मियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं।
