लोहियाहेड। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लोहियाहेड में ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को बढ़ावा देते हुए स्थानीय व्यवसायों और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री पैदल ही आम लोगों के बीच पहुंचे और स्थानीय रूप से लोकप्रिय रवि के स्टॉल पर रुककर टिक्की का स्वाद लिया।
मुख्यमंत्री को अपने बीच सहज अंदाज में पैदल चलते देख स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में खासा उत्साह नजर आया। उन्होंने स्टॉल संचालक रवि से बातचीत कर उसके व्यवसाय और स्वरोजगार के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के माध्यम से आजीविका अर्जित करने के प्रयासों की सराहना भी की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहन देना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। ‘वोकल फॉर लोकल’ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का प्रभावी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को प्राथमिकता देने से इसका सीधा लाभ स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों, युवाओं और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को मिलता है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ ही आत्मनिर्भर समाज और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को भी गति मिलती है।
मुख्यमंत्री धामी का स्थानीय लोगों के बीच सहज और आत्मीय अंदाज में पहुंचना क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री की सादगी तथा स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री का यह कदम छोटे कारोबारियों के सम्मान और स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहन देने के साथ ही ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को व्यवहार में उतारने की दिशा में प्रेरक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
लोहियाहेड में पैदल पहुंचे सीएम धामी, स्थानीय स्टॉल पर लिया टिक्की का स्वाद
‘वोकल फॉर लोकल’ को दिया बढ़ावा, छोटे कारोबारियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों का बढ़ाया उत्साह
2
