रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या के मामले का हरिद्वार पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों हत्याओं के आरोपी मृतक महिलाओं के भाई विवेक उर्फ विक्की को चुड़ियाला भगवानपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, छह खोखे और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गोलीबारी में महिलाओं का पति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, 25-26 अगस्त की रात गणेशपुर निवासी अर्जुन सिंह ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसके मामा विवेक उर्फ विक्की ने फायरिंग कर उसकी मां और मौसी की हत्या कर दी। गोलीबारी में उसके मौसा को भी गोली लगी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर आरोपी विवेक उर्फ विक्की को चुड़ामणि मंदिर चौक के पास चुड़ियाला, भगवानपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, छह खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद और महिलाओं के चरित्र को लेकर आरोपी के शक की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को स्पष्ट करने के लिए आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस गोलीबारी में घायल महिला के पति के उपचार और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में सीओ रुड़की ओशीन जोशी, प्रभारी निरीक्षक मणी भूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार समेत गंगनहर पुलिस और सीआईयू रुड़की की टीम शामिल रही।
रुड़की में दो सगी बहनों की हत्या का चंद घंटों में खुलासा, भाई गिरफ्तार
8
previous post
