अनुराग गुप्ता
देहरादून। रक्षा बंधन के अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से पहुंचीं बहनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने बहनों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनका आभार जताया और प्रदेशवासियों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पावन पर्व है। उत्तराखंड की मातृशक्ति और बहनों का स्नेह एवं आशीर्वाद उन्हें प्रदेश की सेवा और विकास के लिए निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति परिवार की मजबूत आधारशिला होने के साथ ही समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है। महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं से महिलाओं और बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। साथ ही स्वरोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाकर महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की लखपति दीदी की परिकल्पना को उत्तराखंड में तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। प्रदेश में अब तक 3 लाख 09 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पादों, कृषि, हस्तशिल्प और विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के जरिए अपनी आय बढ़ाने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण योजना और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने के लिए भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने राज्य निर्माण से लेकर प्रदेश के विकास तक उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, कृषि, उद्यमिता, स्वरोजगार और सामाजिक क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी से ही सशक्त उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती गीता पुष्कर धामी, विधायक श्रीमती सविता कपूर, श्रीमती आशा नौटियाल, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई मातृशक्ति मौजूद रही।
