Hamarichoupal.23,08,2026
सहसपुर। अंबीवाला स्थित चलो दो मिनट में पहुंच वेडिंग प्वाइंट में त्रिकोण सोसायटी की ओर से मातृशक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्र की सम्मानित महिलाओं, कीर्तन मंडलियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन त्रिकोण सोसायटी की निदेशक एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री नेहा शर्मा के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तीकरण समाज की प्रगति के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि त्रिकोण सोसायटी महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं के हित में निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
समारोह की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने नेहा शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएं समाज के साथ-साथ शिक्षा, राजनीति, प्रशासन, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं को प्रोत्साहित और सम्मानित करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है तथा समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
इस अवसर पर सम्मानित महिलाओं को स्मृति चिह्न एवं साड़ियां भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, विभिन्न कीर्तन मंडलियों को कीर्तन सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
