डोईवाला- वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशन लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए आज डोईवाला ब्लॉक परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 200 लाभार्थियों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।
अब पेंशन की राशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में भेजी जा रही है। इससे कई लाभार्थियों को खाते और भुगतान को लेकर दिक्कतें आ रही थीं। शिविर में इन समस्याओं को दूर करने के साथ ही पोस्ट ऑफिस में नए खाते भी खोले गए, ताकि अब पेंशन सीधे डीबीटी के जरिए उनके खातों में पहुंच सके। इससे बुजुर्गों और जरूरतमंदों को इधर-उधर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वृद्ध, विकलांग और विधवा पेंशन हमारे समाज के सबसे कमजोर वर्ग का सहारा है। कई बुजुर्ग महीनों से पेंशन न आने के कारण परेशान थे। यह शिविर उनके लिए रामबाण साबित हुआ है। अब पोस्ट ऑफिस में खाते खुलने से पारदर्शिता बढ़ेगी और समय पर पेंशन मिल सकेगी। ब्लॉक प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे।
डोईवाला समाज कल्याण अधिकारी सुनील रावत ने कहा कि समाज कल्याण विभाग पेंशन लाभार्थियों की सुविधा के लिए पूरी तरह तत्पर है। जिन लाभार्थियों के दस्तावेज या खाते में कोई कमी थी, उन्हें मौके पर ही दुरुस्त किया गया। हमारा लक्ष्य है कि हर पात्र व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के हर महीने समय पर पेंशन मिले। भविष्य में भी ऐसे शिविर लगाकर समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
शिविर में बड़ी संख्या में बुजुर्ग, विधवा और विकलांग लाभार्थी पहुंचे और उन्होंने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
डोईवाला ब्लॉक में वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशन के लिए लगा विशेष शिविर, 200 लाभार्थियों की समस्याएं मौके पर हल
19
