Hamarichoupal,26,06,2026
देहरादून। रुद्रपुर में आयोजित उत्तराखंड राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में देहरादून के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल किए। वेदिक चेस अकादमी, डालानवाला के खिलाड़ियों ने दो राज्य चैंपियन और एक रनर-अप का खिताब जीतकर शहर का गौरव बढ़ाया।
अंडर-19 गर्ल्स वर्ग में अद्विका कुमार (सीजेएम स्कूल) ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं पारिक्षित नौटियाल ने अंडर-19 सीनियर ओपन मेल वर्ग में रनर-अप का स्थान प्राप्त किया। खास बात यह रही कि अंडर-19 वर्ग के दोनों शीर्ष फाइनलिस्ट वेदिक चेस अकादमी के ही खिलाड़ी रहे।
जूनियर वर्ग में कियान सिंघल (शेरवुड स्कूल) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। कियान लगातार दो वर्षों से राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर रहे हैं और जिला स्तर पर लगातार पांच प्रतियोगितियां जीत चुके हैं।
प्रतियोगिता में अन्य खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अरण गुप्ता ने अंडर-13 ओपन वर्ग में चौथा, ख्वाहिश धिंगरा ने अंडर-13 गर्ल्स में चौथा, शरीन धिंगरा ने छठा तथा विदहान रौतेला ने अंडर-11 वर्ग में पांचवां स्थान प्राप्त किया।
अद्विका कुमार इससे पहले आईसीएसई रीजनल प्रतियोगिता में भी शीर्ष-2 में स्थान बना चुकी हैं और अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। उनके पिता उन्हें विभिन्न अंतरराष्ट्रीय रेटेड शतरंज प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभाग करा चुके हैं।
प्रतियोगिता के बाद सेंट्रियो मॉल में यूनिसन ग्रुप की ओर से विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। वेदिक चेस अकादमी के कोच विषाल वेदिक ने कहा कि उनका लक्ष्य खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इसे अकादमी के लिए गर्व का क्षण बताया।
