Hamarichoupal,17,06,2026
देहरादून। डीआईटी यूनिवर्सिटी की एनसीसी गर्ल्स बटालियन की दो कैडेट्स ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर संस्थान और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
एनसीसी की अंडर ऑफिसर वृंदा बोजम्मा एम का चयन प्रतिष्ठित यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत सिंगापुर जाने वाले देशभर के मात्र दस कैडेट्स में हुआ है। उनका चयन कठोर प्रशिक्षण और रिपब्लिक डे कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया।
वहीं, पूर्व अंडर ऑफिसर मनप्रीत कौर 28 मई 2026 को भारतीय नौसेना में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त कर चुकी हैं। उन्होंने प्रथम प्रयास में यह सफलता हासिल कर एनसीसी कैडेट्स के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट (डॉ.) ब्रजलता चौहान ने दोनों कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां एनसीसी के अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रदर्शित करती हैं। उन्होंने कुलपति प्रो. जी. रघुरामा तथा छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. राकेश मोहन के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।
डीआईटी यूनिवर्सिटी परिवार ने दोनों प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
