Hamarichoupal,17,06,2026
देहरादून, 17 जून। रिस्पना नदी के पुनरुद्धार और सफाई अभियान को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, महापौर सौरभ थपलियाल और मुख्य नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने राजीव नगर क्षेत्र में पहुंचकर नदी में चल रहे सफाई कार्यों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून से पहले रिस्पना नदी की व्यापक सफाई प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे और नदी संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिस्पना को कूड़ाघर बनने नहीं दिया जाएगा और नदी के पुनर्जीवन के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है।
नगर निगम द्वारा मार्च से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत अब तक करीब 17 हजार मीट्रिक टन कूड़ा उठाया जा चुका है। बिंदाल नदी के लगभग 8 किलोमीटर और रिस्पना नदी के 12 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई कार्य किया जा रहा है। अभियान में 12 जेसीबी मशीनें और 15 डंपर लगाए गए हैं, जो नदी से कूड़ा, मलबा और अवरोध हटाने में जुटे हैं।
डीएम ने बताया कि नमामि गंगे और जिला स्वच्छता समिति के माध्यम से नदी संरक्षण की व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। नदी किनारे कूड़ा डंपिंग वाले स्थलों को चिन्हित कर हटाया जाएगा, वहीं नदी में गिरने वाले बिना उपचारित नालों के पानी के उपचार की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को और गति देने के निर्देश दिए तथा नगर निगम के सहयोग की सराहना की। निरीक्षण के दौरान नगर निगम और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
