Hamarichoupal,07,06,2026
देहरादून/ऋषिकेश। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश क्षेत्र में देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। दोनों युवकों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। पुलिस के रुकने के संकेत को अनदेखा करते हुए आरोपियों ने बैरियर को टक्कर मार दी और श्यामपुर की ओर फरार होने लगे।
पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी हाल ही में ऋषिकेश क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे, जिसमें दो व्यक्तियों को गोली मारकर घायल किया गया था।
घायल बदमाशों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल तथा अस्पताल में पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
