Hamarichoupal,29,05,2026
एकेश्वर (पौड़ी)। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। वे शुक्रवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर पणखेत में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर को संबोधित कर रहे थे।
9 साल में हुए प्रमुख विकास कार्य:
मंत्री महाराज ने बताया कि चौबट्टाखाल विधानसभा के एकेश्वर ब्लॉक में पिछले 9 वर्षों में बड़े पैमाने पर काम हुए हैं। भूम्या डांडा और ज्वाल्पा देवी पम्पिंग पेयजल योजनाओं के लिए 44.18 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए। इनसे 24 गांवों को पानी मिलेगा। जल जीवन मिशन में पेयजल निगम की 31.64 करोड़ और जल संस्थान की 14.67 करोड़ की योजनाएं चल रही हैं।
लोनिवि के तहत दूसरे चरण में 12 मोटर मार्ग स्वीकृत हुए, जिनमें से 10 पूरे हो चुके हैं। ग्रामीण निर्माण विभाग ने 9.10 करोड़ से 5 सड़कों में से 4 का काम पूरा किया। ग्राम्य विकास विभाग ने 71.19 करोड़ से 14 मोटर मार्गों का निर्माण और सुधारीकरण कराया। मैणा-पिलखैरा और झंगरबौ सिवाल मार्ग के टेंडर हो गए हैं। 8.66 करोड़ से 13 सड़कों का वन टाइम मेंटिनेंस हुआ।
ब्लॉक मुख्यालय का नया भवन 3.37 करोड़ से बना। 27 पंचायतों में 2.70 करोड़ से पंचायत भवन और 56 लाख से 14 भवनों की मरम्मत हुई। एसडीआरएफ से 4.28 करोड़ के 22 काम हुए। सिवाल, मौंदाडी, दुंदराकोटी, पिनानी में स्वतंत्रता सेनानियों के स्मृति द्वार बने।
सिंचाई विभाग ने 8.52 करोड़ से 30 योजनाएं, लघु सिंचाई ने 1.89 करोड़ से चेकडैम बनाए। स्कूलों की मरम्मत पर 3.38 करोड़ खर्च हुए। सतपुली-ज्वालपा पुल तक 33 करोड़ से एनएच का चौड़ीकरण हुआ। बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर पर 6.45 करोड़ खर्च किए गए। महिला-युवक मंगल दलों को 21.26 लाख की प्रोत्साहन राशि दी गई। सतपुली-संगलाकोटी-बैजरों 24 किमी मार्ग के लिए सीआरआईएफ से 26 करोड़ स्वीकृत हुए।
शिविर में बांटे प्रमाण पत्र:
जन सुनवाई के दौरान 19 दिव्यांगों को विकलांग प्रमाण पत्र दिए गए। शिकायत काउंटर पर 58 शिकायतें और 55 मांग पत्र मिले। शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण समेत कई विभागों के स्टॉल लगे। संस्कृति विभाग और स्थानीय कलाकारों ने गढ़वाली लोकगीत और नृत्य प्रस्तुत किए।
ये रहे मौजूद:
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अमृता रावत, ब्लॉक प्रमुख पंकज बिष्ट, सीडीओ अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविन्दर कौर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी, विधायक प्रतिनिधि देवेन्द्र भट्ट, निदेशक संस्कृति प्रदीप जोशी, एसडीएम रेखा आर्य सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।
