Hamarichoupal,27,05,2026
देहरादून। सहसपुर विकासखंड के ग्राम कैचीवाला निवासी प्रगतिशील किसान बेनी सिंह आधुनिक कृषि यंत्रों से खेती कर क्षेत्र के किसानों के लिए मिसाल बन गए हैं। चालीस बीघा जमीन पर खेती करने वाले बेनी सिंह ने कृषि विभाग की योजना से रीपर कम बाइन्डर मशीन लेकर न सिर्फ अपनी लागत घटाई, बल्कि अतिरिक्त आय भी कमाई।
कृषि विभाग की सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत बेनी सिंह को रीपर कम बाइन्डर पर 2.57 लाख रुपये का अनुदान मिला। वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत उन्हें डीबीडब्ल्यू-187 और डीबीडब्ल्यू-327 किस्म का 2 कुंतल उन्नत गेहूं बीज भी उपलब्ध कराया गया। वैज्ञानिक विधि से बुवाई के बाद फसल का उत्पादन बेहतर रहा।
बेनी सिंह ने बताया कि पहले फसल कटाई में 1300 रुपये प्रति बीघा खर्च आता था और 6-7 दिन लगते थे। अब मशीन से एक दिन में ही कटाई हो जाती है। खुद का यंत्र और नलकूप होने से लागत घटी और समय बचा।
बेनी सिंह ने अपनी खेती के साथ अन्य किसानों की करीब 120 बीघा फसल की भी कटाई की। इससे उन्हें 900 रुपये प्रति बीघा की दर से कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की अतिरिक्त आय हुई।
आधुनिक तकनीक अपनाकर आर्थिक रूप से मजबूत बने बेनी सिंह अब दूसरे किसानों को भी यंत्रीकृत खेती के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
