Hamarichoupal,24,05,2026
देहरादून। प्रदेश में शनिवार को संपन्न सहकारी समितियों के चुनावों में भाजपा ने 98 फीसदी बोर्डों पर जीत दर्ज कर दबदबा कायम किया। क्रय-विक्रय सहकारी समितियों में मिली इस जीत से विपक्ष को झटका लगा है।
टिहरी की जौनपुर मगरा और हरिद्वार की लंढौर सहकारी समिति में 68 साल बाद पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित हुई। प्रदेशभर की 39 में से 38 समितियों में चुनाव हुए, जिनमें महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में जीत दर्ज की।
विभाग के अनुसार, संचालक मंडल के लिए कुल 348 प्रतिनिधि चुने गए। इनमें अल्मोड़ा में 9, उत्तरकाशी 37, पौड़ी 58, हरिद्वार 26, टिहरी 15, चम्पावत 11, ऊधमसिंह नगर 91, देहरादून 38, पिथौरागढ़ 14 और नैनीताल में 49 संचालक शामिल हैं। इनमें 136 महिलाएं और 212 पुरुष हैं। अध्यक्ष पद पर 37 में से 16 महिलाएं और उपाध्यक्ष पद पर 25 में से 2 महिलाएं चुनी गईं।
अन्य संस्थाओं के लिए कुल 418 प्रतिनिधि निर्वाचित हुए, जिनमें 132 महिलाएं हैं। सबसे ज्यादा 111 प्रतिनिधि ऊधमसिंह नगर से, 99 नैनीताल से और 51 देहरादून से चुने गए।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और सरकार की जनहितकारी नीतियों का नतीजा है। उन्होंने कहा कि इससे पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के ‘सहकार से समृद्धि’ के मंत्र को साकार करने में मदद मिलेगी।
