Hamarichoupal,24,05,2026
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ और गोवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गोवा से फरार ‘सेक्सटॉर्शन’ रैकेट के सरगना सलमान खान को शुक्रवार को नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी 3 साल से फरार चल रहा था।
एसटीएफ एसएसपी के अनुसार, सलमान खान अपने गैंग के साथ खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का अफसर बताकर मुंबई के एक बिजनेसमैन से करोड़ों की उगाही में शामिल था। गैंग लड़कियों के जरिए अमीर कारोबारियों को जाल में फंसाता था। गोवा के मापुसा में किराये के विला में वीडियो कैमरे लगाकर कारोबारी का अश्लील वीडियो बनाया और बंधक बनाकर मारपीट कर करोड़ों ऐंठे।
पूछताछ में सामने आया कि अगस्त 2023 में सलमान की मुलाकात दिल्ली की निवेदिता शर्मा से हुई। इसके बाद मो. अयान, मो. वसीद, फैजान, यासर, राज चौधरी और हरिद्वार के भुवन अरोड़ा के साथ मिलकर गैंग बनाया। निवेदिता के जरिए मुंबई के कारोबारी को नॉर्थ गोवा के विला में बुलाया गया। रात में गैंग ने विला में घुसकर फर्जी आईडी दिखाकर वीडियो बनाया और कारोबारी से वसूली की।
गोवा पुलिस पहले निवेदिता शर्मा और भुवन अरोड़ा को गिरफ्तार कर चुकी है। गैंग के अन्य सदस्य भी पकड़े जा चुके हैं। सलमान घटना के बाद से फरार था। पहले गोवा पुलिस ने घर पर दबिश दी थी तो वह चकमा देकर भाग गया था। एसटीएफ ने सटीक सूचना पर 23 मई को उसे पकड़कर गोवा पुलिस के हवाले कर दिया। गैंग ने अन्य राज्यों में भी ऐसी वारदात की हैं। आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
एसटीएफ टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, एसआई विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, महेंद्र नेगी, देवेंद्र ममगाईं और कांस्टेबल मोहन असवाल शामिल रहे।
