हरिद्वार(आरएनएस)। कनखल और मध्य हरिद्वार क्षेत्र में सोमवार को दिन में लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। दोनों क्षेत्रों की करीब 30 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित रही। लोगों को पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। देर शाम पानी की आपूर्ति सुचारु होने के बाद लोगों को राहत मिली। पानी की आपूर्ति की मरम्मत: उत्तराखंड जल संस्थान के कर्मचारियों ने सोमवार को कनखल क्षेत्र में राजपूत धर्मशाल के पास और मध्य हरिद्वार में अवधूत मंडल आश्रम के पास लीकेज पाइप लाइन की मरम्मत का काम किया। इस वजह से कनखल के पांच पंपिंग स्टेशन और मध्य हरिद्वार के चार पंपिंग स्टेशनों से पानी की सप्लाई सुबह 10 बजे बंद की गई। मौके पर कर्मचारियों ने वेल्डिंग का काम किया। इस दौरान पुरानी पाइप लाइन को बाहर निकाल कर नई पाइप को इंटरकनेक्शन किया गया। मध्य हरिद्वार क्षेत्र में काम पूरा होने में सात घंटे का समय लग गया। यहां शाम पांच बजे पानी की आपूर्ति बहाल हुई। वहीं, कनखल क्षेत्र में मरम्मत के काम में 12 घंटे का समय लगा। यहां रात को 10 बजे पानी की सप्लाई चालू हो सकी।
जनता की परेशानी: सप्लाई बाधित होने से टिबड़ी, शिवलोक कॉलोनी, नया हरिद्वार, मॉडल कॉलोनी, विवेक विहार, खन्ना नगर, मीना एनक्लेव, विकास कॉलोनी, नंद विहार, आर्य नगर, राम नगर, तहसील, नंदपुरी, दयानंद नगरी, शंकर आश्रम, अवधूत मंडल, राजपूत धर्मशाला, ज्ञान लोक कॉलोनी, कुम्हार घड़ा, गुलाब बाग, मिश्रा गार्डन, गणेश पुरम, विष्णु गार्डन, भगवंत पुरम, अरिहंत विहार, ज्वालापुर रोड, थाना रोड आदि क्षेत्र में लोगों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ी। बाजारों में ग्राहकों के लिए दुकानदारों को पानी को व्यवस्था करनी पड़ी। हालांकि दोनों क्षेत्रों में पानी की सप्लाई चालू होने के बाद लोगों को राहत मिली।
कर्मचारियों की कमी के चलते मरम्मत काम पूरा करने में देरी हो रही है। संस्थान के करीब 125 कर्मचारियों की ड्यूटी जनगणना में लगाई गई है। पानी सप्लाई बंद होने की सूचना लोगों को पूर्व में उपलब्ध कराई गई थी। सुबह 10 बजे से पहले लोगों को पानी सप्लाई किया गया था। – विपिन चौहान, अधिशासी अभियंता
