Hamarichoupal,23,05,2026
देहरादून। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस अपराधियों पर लगातार प्रहार कर रही है। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ई-रिक्शा सवार महिला से हुई स्नैचिंग की घटना का मात्र 6 घंटे में खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से महिला का छीना गया पर्स और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है।
क्या था मामला
22 मई 2026 को रोशनी देवी निवासी लक्ष्मीपुर, बरोटीवाला अपने पति व पुत्री के साथ ई-रिक्शा से विकासनगर आ रही थीं। हनुमान धाम चाय बागान के पास विकासनगर की ओर से आए बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया। बैग में नगदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य जरूरी दस्तावेज थे। शिकायत पर कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिर तंत्र सक्रिय कर पुराने स्नैचरों का सत्यापन किया गया। 22 मई की रात ढालीपुर रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रोहित चौधरी पुत्र जितेंद्र चौधरी निवासी सोनिया बस्ती, हरबर्टपुर और दानिश पुत्र शहनवाज निवासी आसनबाग, हरबर्टपुर को गिरफ्तार कर लिया।
नशे के लिए की वारदात
पूछताछ में दोनों ने कबूला कि वे नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए स्नैचिंग की। दोनों पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी और चोरी में जेल जा चुके हैं। रोहित पर विकासनगर में एनडीपीएस के दो केस दर्ज हैं, जबकि दानिश पर चोरी के दो मुकदमे पहले से चल रहे हैं।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों से 800 रुपये नकद, महिला के आईडी व दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल पल्सर 220 बाइक संख्या UK-07-AH-4372 बरामद कर सीज कर दी है।
एसएसपी ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने कहा कि दून पुलिस अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शेगी नहीं।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. रोहित चौधरी, उम्र 27 वर्ष, निवासी हरबर्टपुर
2. दानिश, उम्र 25 वर्ष, निवासी हरबर्टपुर
पुलिस टीम
व0उ0नि0 शिशुपाल सिंह राणा, उ0नि0 अर्जुन सिंह गुसाईं, उ0नि0 मयंक त्यागी, उ0नि0 नौशाद अंसारी, हे0का0 मनोज, का0 प्रवीन, का0 नवीन कोहली, का0 नरेश पंत, का0 बृजपाल
