Hamarichoupal,23,05,2026
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 को दिव्य और भव्य बनाने के लिए हर की पैड़ी, रोड़ीबेलवाला एवं उत्तर हर की पैड़ी क्षेत्र की पुनर्विकास परियोजनाओं पर काम तेज हो गया है। मेला अधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को मेला नियंत्रण भवन में यूपीडीसीसी समेत सभी विभागों के साथ बैठक कर करीब 194 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की समीक्षा की और स्थलीय निरीक्षण भी किया।
मेला अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य कुंभ-2027 शुरू होने से पहले समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान घाटों को सुंदर, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाया जाए और गंगा दर्शन में कोई बाधा न आए।
तीन बड़ी परियोजनाओं पर खर्च होंगे 194 करोड़
1. *हर की पैड़ी जीर्णोद्धार: 66.77 करोड़* – 6 हेक्टेयर क्षेत्र में घाटों का नवीनीकरण, वॉकवे, विद्युत सौंदर्यीकरण, श्रद्धालु सुविधाओं का विस्तार और सीवेज-ड्रेनेज का विकास होगा।
2. *रोड़ीबेलवाला विकास: 58.39 करोड़* – 45 हेक्टेयर क्षेत्र में सड़क, वेंडिंग जोन, पार्किंग, आधुनिक शौचालय, पैदल मार्ग, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित होंगी।
3. *उत्तर हर की पैड़ी विकास: 68.97 करोड़* – पंतद्वीप, चमगादड़ टापू समेत आसपास के घाटों का पुनरोद्धार, भीड़ प्रबंधन क्षेत्र, वॉकवे, सीवेज सिस्टम, पार्किंग और जनसुविधाओं का निर्माण होगा।
स्थलीय निरीक्षण में दिए सख्त निर्देश
बैठक के बाद मेला अधिकारी ने हर की पैड़ी, रोड़ीबेलवाला और आस्था पथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने, खड्डा पार्किंग के सुधार व सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही बेहतर यातायात प्रबंधन, बैठने की व्यवस्था, आधुनिक शौचालय और सुव्यवस्थित सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने को कहा।
मेला अधिकारी ने कहा कि कुंभ-2027 में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे हों।
बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह, अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, यूपीडीसीसी के महाप्रबंधक मनोज कुमार, परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट, सुमित मलवाल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
