Hamarichoupal,23,05,2026
Anurag Gupta
देहरादून।मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शनिवार को आईटी पार्क स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष से चारधाम यात्रा की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को यात्रा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और मानसून सीजन को देखते हुए पहले से तैयारियां करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि चारों धामों में श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हों और किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन, बीकेटीसी और सभी हितधारक आपसी सामंजस्य से काम करें। उन्होंने कहा कि भीड़ बढ़ने पर पिछले वर्षों की तरह रात्रिकालीन दर्शन की व्यवस्था भी सुचारू की जा सकती है।
होल्डिंग एरिया में सभी सुविधाएं हों
मुख्य सचिव ने यात्रा मार्गों के निचले क्षेत्रों में स्थित सभी होल्डिंग एरिया को तत्काल एक्टिवेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन होल्डिंग एरिया में पेयजल, शौचालय, बिजली, भोजन और स्वास्थ्य जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें।
मानसून को लेकर अलर्ट
आने वाले मानसून सीजन के मद्देनजर मुख्य सचिव ने सभी जिलों को भारी वर्षा और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए निकासी योजना पहले से तैयार रखने को कहा। उन्होंने युकाडा को भी एयरलिफ्ट की नौबत आने पर तत्काल कार्रवाई के लिए योजना तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी यात्रा मार्गों पर राशन सहित जरूरी सामग्री का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा।
स्वास्थ्य जांच पर जोर
मुख्य सचिव ने पंजीकरण के साथ-साथ श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों, छोटे बच्चों और बीमार लोगों को यात्रा न करने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके लिए लगातार प्रचार-प्रसार किया जाए।
बैठक में सचिव शैलेश बगौली, सचिन कुर्वे, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, सचिव विनोद कुमार सुमन, धीराज गर्ब्याल, एडीजी डॉ. वी. मुरूगेशन सहित चारधाम यात्रा मार्ग के जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।
