Hamarichoupal,22,05,2026
विकासनगर। क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि कानून का डर भी उन पर बेअसर दिख रहा है। ताजा मामले में अवैध खनन रोकने गए वन बीट अधिकारी मो. इनाम ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना उस वक्त हुई जब वन विभाग की टीम अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची थी। खनन माफियाओं ने भागने के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से वन बीट अधिकारी को टक्कर मार दी। घायल अधिकारी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन क्षेत्राधिकारी पंकज ध्यानी मौके पर पहुंचे। उन्होंने खनन माफियाओं को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि “किसी भी कीमत पर अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में लिप्त तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी पंकज के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है। वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है
