हरिद्वार(आरएनएस)। मां चंडी देवी मंदिर परिसर और आसपास फैली गंदगी को देखकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित नाराज हो गए। शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के साथ मंदिर पहुंचे डीएम ने सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान वन क्षेत्र में पड़े कूड़े-कचरे पर नाराजगी जताते हुए प्रभागीय वन अधिकारी को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीकेटीसी प्रबंधन और मंदिर समिति को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध और सुगम तरीके से दर्शन कराए जाएं। साथ ही सुरक्षा में तैनात सभी कर्मियों को वर्दी और आई कार्ड के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। सफाई और सुरक्षा के निर्देश: डीएम ने मंदिर परिसर और आसपास अतिक्रमण न होने देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं अवैध कब्जा पाया जाता है तो वन विभाग तत्काल कार्रवाई करे। मंदिर परिसर में संचालित दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने सुरक्षा और सुविधाओं पर संतोष जताया। वहीं, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मंदिर समिति में तैनात सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों का सत्यापन कराने तथा सभी को आई कार्ड जारी करने के निर्देश दिए।
हरिद्वार : चंडी देवी मंदिर परिसर में गंदगी देख डीएम नाराज
2
