देहरादून,03,02,2026
देहरादून(आरएनएस)। उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ लामबंद हो गई है। मंगलवार को यमुना कॉलोनी स्थित कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य करन माहरा के आवास पर प्रदेशभर के वरिष्ठ पदाधिकारियों की रणनीतिक बैठक हुई। इसमें आगामी 16 फरवरी को प्रस्तावित राजभवन घेराव को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि बैठक का मुख्य एजेंडा संगठन की मजबूती और सरकार की घेराबंदी रहा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की जनता असुरक्षा, महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मूल मुद्दों से भटक चुकी है, इसलिए कांग्रेस को सड़क से सदन तक जनता की मजबूत आवाज बनना होगा। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी विस्तृत मंथन हुआ। कहा गया कि यह चुनाव नहीं, बल्कि उत्तराखंड के भविष्य की लड़ाई है। संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर मजबूती और युवाओं-महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने आह्वान किया कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता परिवर्तन का वाहक बने और जनता के बीच जाकर उनका विश्वास जीते। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष हरिद्वार राजीव चौधरी, मुशर्रफ हुसैन, मुरारी सिंह, अलका पाल, राकेश राणा, मोहित उनियाल, विकास नेगी, दिनेश चौहान, दीपक किरौला, उत्तम असवाल, मनीष राणा, राजेश चौधरी और अमन गर्ग मौजूद रहे।
