देहरादून। वन्यजीव सप्ताह-2026 के अवसर पर देहरादून वन प्रभाग की ओर से वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आशारोड़ी रेंज में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। प्रभागीय वनाधिकारी वैभव कुमार सिंह के निर्देश तथा उप प्रभागीय वनाधिकारी देहरादून अभिषेक मैठाणी की अगुवाई में आयोजित रैली में करीब 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
साइकिल रैली का शुभारंभ आशारोड़ी रेंज कार्यालय से हुआ। प्रतिभागी विल्सन मोटर मार्ग होते हुए कड़वापानी वन विश्राम गृह तक पहुंचे। रैली में पहाड़ी पैडलर और राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (आरआईएमसी) के साइकिलिस्टों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी अभिषेक मैठाणी ने प्रतिभागियों को वन, जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने वन्यजीव सप्ताह-2026 की थीम “Connected Habitats: Conserving Wildlife” के माध्यम से वन्यजीवों के सुरक्षित आवास और उनके संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में क्यूआरटी सदस्य सुदर्शन ने सर्पों के पारिस्थितिक महत्व, विभिन्न प्रजातियों की पहचान तथा सुरक्षित रेस्क्यू के संबंध में प्रतिभागियों को जागरूक किया। वहीं, आशारोड़ी के वन क्षेत्राधिकारी मोहन सिंह रावत ने वन विभाग की ओर से किए जा रहे वृक्षारोपण, मृदा एवं जल संरक्षण तथा अन्य वन संरक्षण कार्यों की जानकारी दी।
रैली को सफल बनाने में पहाड़ी पैडलर के गजेन्द्र रमोला एवं उनकी टीम तथा आरआईएमसी के छात्रों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में अशोक कुमार, नरेन्द्र सिंह, ममता, दीपक कैंतुरा, विपिन कुमारी, अंकिता, गौरव, रवि, आरती सहित वन विभाग के वन दारोगा, वन आरक्षी, उपनल एवं अन्य फील्ड कर्मचारी मौजूद रहे।
वन्यजीव संरक्षण का संदेश लेकर आशारोड़ी में निकली साइकिल रैली
10
