Hamarichoupal.08,2026
रोहतक। भारतीय जनता पार्टी ने वरिष्ठ अधिवक्ता एवं संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता अजय खुंडिया को अनुसूचित जाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को संगठन के प्रति लंबे समय से किए गए समर्पित कार्य और सक्रिय भूमिका का सम्मान माना जा रहा है।
अजय खुंडिया वरिष्ठ भाजपा नेता एवं हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय चौधरी जय नारायण खुंडिया के पौत्र हैं। चौधरी जय नारायण खुंडिया भारतीय जनता पार्टी के समर्पित एवं ईमानदार नेताओं में गिने जाते थे। अजय खुंडिया का परिवार पिछले तीन पीढ़ियों से भारतीय जनता पार्टी और संगठन की विचारधारा के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करता आ रहा है।
अजय खुंडिया बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। उन्होंने छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से सक्रिय छात्र राजनीति की तथा रोहतक जिले में जिला सदस्यता प्रमुख की जिम्मेदारी भी निभाई। इसके बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा, रोहतक के जिला अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूत करने का कार्य किया।
संगठन ने उनकी कार्यक्षमता को देखते हुए वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में प्रचार-प्रसार सामग्री वितरण का प्रदेश सह-संयोजक नियुक्त किया। इसके अलावा उन्हें अनेक चुनावों में महत्वपूर्ण संगठनात्मक दायित्व सौंपे गए। वे भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव भी रहे तथा वर्ष 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में क्लस्टर प्रमुख की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाई।
अजय खुंडिया को रोहतक लोकसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का संयोजक भी बनाया गया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रवासी प्रभारी के रूप में भी संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से पूर्व वे अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश सचिव तथा फतेहाबाद जिला प्रभारी के पद पर कार्यरत थे। इसके अतिरिक्त पार्टी के विभिन्न महत्वपूर्ण अभियानों एवं कार्यक्रमों में रोहतक लोकसभा के संयोजक के रूप में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
अजय खुंडिया राष्ट्रपति स्काउट अवार्ड से सम्मानित हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान के अंतर्गत उन्हें देश के प्रधानमंत्री से दूरभाष पर संवाद करने का अवसर भी प्राप्त हुआ था।
प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने अजय खुंडिया को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में अनुसूचित जाति मोर्चा संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में नई गति मिलेगी।
