रुद्रपुर(आरएनएस)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शनिवार को प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रदेश के संसाधनों, सरकारी जमीन और युवाओं के भविष्य को बेच रही है। उन्होंने सरकारी जमीन निजी क्षेत्र को देने, एमबीबीएस सीटों पर फर्जी स्थायी निवास प्रमाणपत्र के जरिए प्रवेश और शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी पदों पर नियुक्ति में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इन मामलों की जांच कराने की मांग की।
सिटी क्लब में पत्रकार वार्ता में गोदियाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार सरकारी जमीन निजी क्षेत्र को देकर उत्तराखंड को खोखला कर रही है। कहा कि इसका मकसद प्रदेश का राजस्व बढ़ाना, रोजगार देना नहीं है, बल्कि धन्नासेठों को उत्तराखंड में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब सात हजार बीघा सरकारी जमीन बेचने की तैयारी है। रुद्रपुर, गदरपुर समेत कई स्थानों के मामलों का कांग्रेस की चार्जशीट कमेटी के अध्यक्ष करन मेहरा और उनकी टीम ने अध्ययन किया है। इस पूरे मामले को दिल्ली में कांग्रेस के मीडिया प्रवक्ता ने सिलसिलेबार सामने रखते हुए कहा था कि सीएम धामी ने उत्तराखंड को सेल पर रखा है। उन्होंने कहा कि यह सभी जमीनें कांग्रेस सरकार के समय संरक्षित की गई थीं, ताकि राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
भ्रष्टाचार के अन्य आरोप: गोदियाल ने रुद्रपुर में 30 एकड़ जमीन पर किसान बाजार के नाम पर कथित तौर पर 10 लाख रुपये प्रति दुकान रिश्वत लेने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस बाजार से किसानों को लाभ नहीं मिलने वाला है और इसके पीछे अंडरटेबल डील की आशंका है।
‘युवाओं के भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़’: गोदियाल ने आरोप लगाया कि राज्य के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की सीटों पर फर्जी स्थायी निवास और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाणपत्रों के आधार पर प्रवेश दिए गए। उन्होंने दावा किया कि ऐसे लोगों के नाम मंत्री तक पहुंचाए गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से डीएलएड करने वालों को भी उत्तराखंड में नौकरी दी गई है। शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी के 2400 पदों पर नियुक्ति को लेकर भी उन्होंने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से सभी मामलों की जांच कराने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पुष्कर राज जैन, संजय जुनेजा समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सरकारी जमीन और संसाधनों को बेच रही भाजपा सरकार : गोदियाल
4
previous post
