देहरादून। SKOCH State of Governance Report 2025 में उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान मिलने पर उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राज्य का पहली बार देश के शीर्ष तीन राज्यों में स्थान बनाना सुशासन, जन-केंद्रित कार्यों और प्रभावी प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
डॉ. खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बाल अधिकारों की सुरक्षा, बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत करने, जन-जागरूकता बढ़ाने और बच्चों से संबंधित शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए आयोग लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि SKOCH State of Governance के आगामी आकलन में आयोग की पहलों और नवाचारों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाना चाहिए, जिससे बाल अधिकार संरक्षण के क्षेत्र में राज्य के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।
नवगठित सदस्यों के साथ आयोग की दूसरी बोर्ड बैठक
आयोग की नवगठित सदस्यों के साथ दूसरी बोर्ड बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक में आगामी बाल विधानसभा के आयोजन, अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के कार्यक्रमों और ब्लॉक स्तरीय कार्यशालाओं सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इसके अलावा आयोग के सदस्यों के क्षेत्रीय भ्रमण और अन्य दायित्वों के निर्वहन में आ रही मोबिलिटी संबंधी कठिनाइयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बाल अधिकारों के संरक्षण को और प्रभावी बनाने तथा आयोग की गतिविधियों को अधिक जन-केंद्रित बनाने के लिए आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। डॉ. गीता खन्ना ने कहा कि आयोग बच्चों की आवाज को प्रभावी मंच उपलब्ध कराने और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए लगातार सक्रियता से कार्य कर रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सुशासन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
SKOCH रिपोर्ट में तीसरे स्थान पर उत्तराखंड, डॉ. गीता खन्ना ने मुख्यमंत्री को दी बधाई
3
