हमारी चौपाल
देहरादून, 29 जुलाई। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रेमनगर क्षेत्र से एक युवक को 6 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने अमन कुमार (28 वर्ष) निवासी केहरी गांव, प्रेमनगर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पैसों के लालच में स्मैक खरीदी थी और उसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर देहरादून में पढ़ने वाले छात्रों और नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में चौकी प्रभारी झाझरा उपनिरीक्षक अमित शर्मा, कांस्टेबल निर्भय नारायण और कांस्टेबल वीरेंद्र शामिल रहे। दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
