हमारी चौपाल
देहरादून, 30 जुलाई। उत्तराखंड में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने राज्य में पंजीकृत खनिज परिवहन वाहनों पर Mine Tag लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसे 15 सितंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा।
विभाग के अनुसार, आधुनिक तकनीक आधारित Mining Digital Transformation & Surveillance System (MDTSS) के तहत प्रदेश के सभी 13 जनपदों में पंजीकृत खनिज परिवहन वाहनों पर Mine Tag लगाए जा रहे हैं। यह कार्य निविदा के माध्यम से चयनित एजेंसी M-Tech Innovation Limited द्वारा किया जाएगा।
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि 15 सितंबर 2026 के बाद जिन वाहनों पर Mine Tag नहीं होगा, उनके लिए ई-रवन्ना जारी नहीं किया जाएगा। साथ ही ऐसे वाहन खनन पट्टों, स्टोन क्रशरों, स्क्रीनिंग प्लांटों, खनिज भंडारण स्थलों तथा अन्य अधिकृत स्थानों से खनिज का परिवहन नहीं कर सकेंगे।
विभाग ने सभी वाहन स्वामियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर Mine Tag लगवाने की अपील की है। Mine Tag से संबंधित जानकारी एवं स्थापना के लिए हेल्पलाइन नंबर 7720010157 और 8380066324 पर संपर्क किया जा सकता है।
