हमारी चौपाल
देहरादून, 24 जुलाई।
लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को मसूरी-कोल्हूखेत स्थित पानी वाले बैंड और देहरादून-मसूरी मार्ग पर निर्माणाधीन डबल लेन पुल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और पुल निर्माण तय समय सीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
मंत्री ने बताया कि 20 जुलाई की रात भारी बारिश से पानी वाले बैंड के पास करीब 20 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे मार्ग की चौड़ाई घटकर 2.5 मीटर रह गई। विभाग ने तत्काल जेसीबी मशीनों से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। अतिरिक्त पहाड़ कटान और ढलानों की सुरक्षा के लिए विशेषज्ञ संस्था ULLMC से भी निरीक्षण कराया गया है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने देहरादून-मसूरी मार्ग पर 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 60 मीटर स्पान डबल लेन स्टील बॉक्स पुल की प्रगति भी देखी। अधिकारियों ने बताया कि पुल का फैब्रिकेशन 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है तथा पाइलिंग और ग्राउंड कार्य तेजी से चल रहे हैं। लक्ष्य है कि 30 जुलाई तक प्रमुख निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए।
मंत्री ने कहा कि बरसात के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और निर्बाध यातायात सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
