देहरादून, 24 अगस्त। त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों में मिलावट, जमाखोरी और नियमों की अनदेखी के खिलाफ उत्तराखंड सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में जांच अभियान तेज कर दिया गया है। सभी जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि अभियान की निगरानी का जिम्मा मंडलायुक्तों को सौंपा गया है।
सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों में जिला प्रशासन और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीमों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और कई दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए। सड़ी-गली एवं एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। टीमों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ चीनी की जमाखोरी और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की भी जांच की।
चमोली में तीन सैंपल, दो दुकानदारों को नोटिस
चमोली में तीन खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। एक्सपायरी डेट की सामग्री मिलने पर दो दुकानदारों को नोटिस जारी कर संबंधित खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। दो कंपनियों की सामग्री की लेबलिंग और पैकेजिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित निर्माताओं को भी नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों का निरीक्षण
रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए। छह दुकानों में एक्सपायरी डेट का सामान मिलने पर दुकानदारों को चेतावनी दी गई और सामग्री नष्ट कराई गई। अल्मोड़ा में दो मिठाइयों के सैंपल लिए गए, जबकि बागेश्वर में आठ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर तीन सैंपल लिए गए। पिथौरागढ़ में दो सैंपल लिए जाने की सूचना है।
चंपावत में एक अगस्त से अभियान जारी
चंपावत में एक अगस्त से चल रहे अभियान के तहत अब तक 21 स्थानों का निरीक्षण किया गया है। इनमें 10 स्थानों से सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जबकि सर्वे के लिए तीन सैंपल लिए गए।
देहरादून में 11 खाद्य नमूने लिए
देहरादून में सोमवार को चलाए गए अभियान के दौरान 11 खाद्य नमूने एकत्र किए गए। तीन प्रतिष्ठानों को व्यवस्थाओं में सुधार की चेतावनी दी गई। जिले में एक अगस्त से अब तक 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 48 सैंपल लिए जा चुके हैं। सर्वे के लिए 20 अतिरिक्त सैंपल लिए गए हैं। 11 दुकानदारों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि एडीएम कोर्ट में चार वाद दर्ज कराए गए हैं।
हरिद्वार में 47 प्रतिष्ठानों की जांच
हरिद्वार में 17 अगस्त से अभियान चल रहा है। अब तक 47 व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 27 सैंपल लिए गए हैं। दस दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। विभिन्न न्यायालयों में चार मामले भी दर्ज कराए गए हैं।
पौड़ी, नैनीताल और अन्य जिलों में भी कार्रवाई
पौड़ी में सोमवार को 10 सैंपल लिए गए, जिनमें छह सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। धारा 36 के तहत एक वाद स्वीकृत किया गया। नैनीताल में 10 दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल जांच के लिए भेजे गए और एक सैंपल सर्वे के लिए लिया गया। साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर एक प्रतिष्ठान को नोटिस दिया गया, जबकि मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई 10 किलो मिठाई को नष्ट कराया गया।
टिहरी में सात व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए। उत्तरकाशी में 15 स्थानों पर निरीक्षण किया गया और चार सैंपल लिए गए। बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री की बिक्री के एक मामले में नोटिस जारी किया गया।
सरकार के इस अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और मिलावट, जमाखोरी तथा खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
मिलावट-जमाखोरी पर चला सरकारी चाबुक, त्योहारों से पहले जांच अभियान तेज
मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर सभी जिलों में कार्रवाई, डीएम को एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश
1
